चंडीगढ़ , सितंबर 08 -- पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को तेज हो गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में राज्यभर से आये हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां पंजाब कांग्रेस भवन से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

प्रदर्शन के दौरान राजा वड़िंग ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और गुलजार सिंह की मौत के मामले में उनकी गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने दावा किया कि गुलजार सिंह ने कथित मृत्यु पूर्व बयान में चीमा को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की।

राजा वड़िंग ने संगरूर के शेरों गांव के मोहनजीत सिंह के साथ कथित पुलिस ज्यादती का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने के कारण मोहनजीत सिंह के साथ कथित तौर पर मारपीट की गयी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पर कथित दुष्कर्म मामले में आरोपी को संरक्षण दिए जाने को लेकर भी सवाल उठाया और सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

राजा वड़िंग ने भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच कथित राजनीतिक समझौते का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा गुजरात में आप के माध्यम से गैर-भाजपा मतों को विभाजित करना चाहती है और इसके बदले पंजाब में आप को राजनीतिक लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाये और आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामलों में ईडी और पंजाब पुलिस की कार्रवाई में कथित तौर पर दोहरे मापदंड अपनाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई में तेजी दिखाई गई, जबकि आप नेताओं से जुड़े मामलों में कार्रवाई कथित तौर पर धीमी है। इन आरोपों के संबंध में हालांकि संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी।

राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी द्वारा कथित तौर पर दोषसिद्ध गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह सेखों को राजनीतिक मंच उपलब्ध कराने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग गैंगस्टरों से छुटकारा चाहते हैं, जबकि सरकार पर ऐसे लोगों को राजनीतिक संरक्षण देने के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि इससे जनता में क्या संदेश जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकारी कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते (डीए) को लेकर भी सरकार की आलोचना की और कहा कि कर्मचारियों के साथ उनके अधिकारों के मामले में कथित तौर पर अन्याय किया जा रहा है।

राजा वड़िंग ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने और आगामी चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उनका कांग्रेस के प्रति समर्पण पद से ऊपर है और वह पार्टी के साथ हमेशा खड़े रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में वह मुख्यमंत्री के मंच के सामने काले झंडे दिखाएंगे और किसी भी स्थिति में वहां पहुंचने का प्रयास करेंगे।

प्रदर्शन में कांग्रेस की सभी 25 जिला कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित