जयपुर , सितंबर 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर प्रदेश की स्थिति खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने स्थिति में बेहद सुधार किया है।

श्री शर्मा बुधवार को यहां नगर निकाय चुनाव के लिए जारी भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को धोखा दिया, इनकी भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण की नीतियों के कारण निकायों को मनमर्जी से तोड़ दिया गया। इनकी तुष्टिकरण की नीति का ही परिणाम था कि एक वार्ड 300 को तो एक वार्ड 3000 की मतदाताओं का बना दिया गया था।

उन्होंने कहा कि हमने एक नीति बनायी और नियमानुसार पुनर्गठन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता सदन में कहते थे कि इनके काका भी एक राज्य, एक चुनाव नहीं करवा सकते, हमने प्रदेश की 309 निकायों में एक चुनाव कराने का काम किया। उसी तरह संकल्प पत्र में कह रहे है, उसे पूरा भी करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों को पांच साल में 25 करोड़ का फंड मिलता था, जबकि हमने 32 महीने में ही प्रदेश के विकास के लिए विधायकों को 28 करोड़ का फंड स्वीकृत करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब हमने विधानसभा में चार लाख नौकरी के लिए कहा तो मजाक उड़ायी गयी। उसम समय हमने कहा भी था कि पेन डायरी लेकर बैठ जाओ। जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं। भाजपा सरकार ने 1.70 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दे दी हैं और 1.25 लाख से अधिक कलेंडर जारी कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित