देहरादून , फरवरी 26 -- उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया।

इस दौरान कांग्रेस पार्टी के सभी बड़े नेताओं ने एक दूसरे पर होली का गुलाल लगाकर प्रेम,भाईचारे और एकजुटता का संदेश दिया, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने होली मिलन समारोह का जमकर आनंद लिया। इस मौके पर सभी नेता पहाड़ी परिधान मे नजर आए।

परिसर में बनाए गए मंच पर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा पारंपरिक होल्यार गीतों पर जमकर थिरके। वहीं गढ़वाल से आये होल्यारों ने पारंपरिक गीत गाकर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के प्रांगण को उत्सव स्थल में बदल दिया।

इस मौके पर श्री गोदियाल ने प्रदेश वासियों को रंगों के इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्यौहार नहीं बल्कि आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का प्रतीक है।

यह रंगों का त्योहार सबके जीवन में रंग बिरंगी खुशियां लाए, इस बार की होली में लोग प्रफुल्लित होकर एक दूसरे के प्रति भाईचारे का संदेश देकर इस पर्व को मनाएं, उन्होंने कामना की है कि यह होली सबके जीवन में खुशियां लेकर आए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित