नयी दिल्ली , जुलाई 07 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के गठन को मंगलवार को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी।
समिति में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, करण माहरा, डॉ. हरक सिंह रावत, भुवन कापड़ी, तिलक राज बेहड़, ममता राकेश, विक्रम सिंह नेगी, गोविंद सिंह कुंजवाल समेत कुल 23 नेताओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा राज्य के सभी फ्रंटल संगठनों के प्रमुख सदस्य होंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि समिति तत्काल प्रभाव से कार्य करेगी। राजनीतिक मामलों की समिति को प्रदेश में पार्टी की रणनीति तय करने और विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कांग्रेस की सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली समितियों में माना जाता है।
उल्लेखनीय है की लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले इस महत्वपूर्ण समिति के गठन की घोषणा की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित