रायपुर , मई 23 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने आज, छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, प्रदेश में खाद संकट, अवैध शराब बिक्री और भाजपा के प्रशिक्षण शिविर को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से किसान और आम जनता परेशान हैं, जबकि भाजपा मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने कहा कि पिछले 10 दिनों में तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ सकती है। उनके अनुसार किसान और आम लोग पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा, "महंगाई चरम पर है। हर जरूरत की चीज महंगी हो रही है, लेकिन भाजपा 'मेलोडी' के नाम पर राजनीति कर रही है।"प्रदेश में अवैध शराब बिक्री के मुद्दे पर बैज ने कहा कि भाजपा शासन में नकली होलोग्राम वाली शराब बेची जा रही है और इससे काली कमाई हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह पैसा आखिर किसकी जेब में जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान भी अवैध शराब बिक्री का असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने भाजपा नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि मंत्री दयालदास बघेल और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी इस विषय पर चिंता जता चुके हैं।
खाद संकट को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, " सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं है और डीजल संकट के कारण किसान पहले से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि किसान खाद के लिए भी लाइन लगाने को मजबूर हैं।" बैज ने सरकार से खाद की उपलब्धता और वितरण को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा अवैध शराब बिक्री को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाए जाने के संदर्भ में बैज ने कहा कि भाजपा के मंत्री और सांसद स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि प्रदेश में अवैध शराब बिक रही है। उन्होंने कहा, "अवैध शराब की काली कमाई किसकी जेब में जा रही है? अवैध शराब क्यों बेची जा रही है? क्या ईडी और सीबीआई इसकी जांच करेगी? नकली शराब की बिक्री हो रही है, यह क्लियर हो चुका है।"भाजपा नेता खुशवंत साहेब के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा, "खुशवंत साहेब नए भाजपाई हैं और नए-नए मंत्री बने हैं। 'नया मुल्ला ज्यादा प्याज खाता है।' उन्हें पेट्रोल पंप पर जाकर आम जनता से चर्चा करनी चाहिए, तब उन्हें बीजेपी की स्थिति पता चलेगी।"भाजपा के प्रशिक्षण शिविर पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर नहीं बल्कि "छत्तीसगढ़ को लूटने और भ्रष्टाचार करने का शिविर" है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य को उद्योगपतियों के हाथों बेचा जा रहा है और आम जनता परेशान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित