अलवर , जुलाई 25 -- राजस्थान में अलवर में जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष प्रकाश गंगावत के नेतृत्व में शनिवार शाम को कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर सत्याग्रह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिलेभर से आए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सत्याग्रह के बाद कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से नगर निगम तक पैदल मार्च निकाला और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके कार्यक्रम का समापन किया।

शहीद स्मारक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि यह आंदोलन यहीं समाप्त नहीं होगा। जब तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मानेगी, तब तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताते हुए कहा कि यह फैसला जनदबाव का परिणाम है। उन्होंने केंद्र सरकार से देश के युवाओं से माफी मांगने की भी मांग की।

सभा को पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष योगेश मिश्रा सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने छात्रों से जुड़े मुद्दों, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की।

राजगढ़ विधायक मांगे लाल मीणा ने कहा कि देश का छात्र रोजगार और अपने अधिकार की मांग करता है, लेकिन उसे लाठियां मिलती हैं। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से नगर निगम तक पैदल मार्च निकाला। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों के समर्थन में नारे लगाए। नगर निगम परिसर पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया, जिसके साथ सत्याग्रह और पैदल मार्च का समापन हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित