चंडीगढ़ , सितंबर 10 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शासन व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। अब सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंच रहा है। लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत में सैनी ने कांग्रेस नेताओं के काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचने पर कहा कि कांग्रेस नेता भले ही अपने शासनकाल की कमियां भूल गए हों, लेकिन जनता उन्हें नहीं भूली है। कांग्रेस शासन के दौरान बुजुर्गों को पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, एलपीजी सिलेंडर के लिए लंबी कतारें लगती थीं और युवाओं को रोजगार के लिए परेशान होना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारें घोषणाओं पर निर्भर रही हैं, जबकि भाजपा सरकार का ध्यान योजनाओं को जमीन पर लागू करने और लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने पर है। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,100 रुपये मासिक सहायता दी जा रही है। फिलहाल एक लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं इसके दायरे में हैं। 17 सितंबर से इसका दायरा बढ़ाकर 18 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को शामिल करने के लिए पंजीकरण शुरू होगा।
श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा युवाओं को खेल और शिक्षा से जोड़कर नशे से दूर रखने के लिए काम कर रहा है। जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष विकास कार्यों को लेकर राजनीति कर रहा है। जहां सरकार विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी कर रही है, वहां विपक्षी नेता जाकर फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में शासन और सार्वजनिक सेवाओं को लोगों के लिए अधिक सुलभ बनाया गया है।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज सरकार के परिवार का हिस्सा है और उनकी मांगों पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से किसी के बहकावे में न आने और सरकार के साथ मिलकर समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित