जयपुर , जनवरी 20 -- राजस्थान के नगरीय विकास एवं स्वायत शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के समय नगर निकायों और पंचायती राज के परिसीमन में जो धांधली हुई और अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार उसे ठीक कर रही है, उसी बौखलाहट में कांग्रेस नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
श्री खर्रा ने मंगलवार को आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निकायों के वार्डों के परिसीमन को लेकर और पंचायती राज के चुनावों को लेकर कांग्रेस के नेताओं में जिस प्रकार की बौखलाहट नजर आ रही है उससे साफ प्रतीत होता है कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान नगर निकायों और पंचायती राज के परिसीमन में जो धांधली हुई उसे अब भाजपा की सरकार जनहित में ठीक कर रही है, उसी बौखलाहट में कांग्रेस के नेता अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा पूर्ण रूप से जनता के हितों की, आम मतदाता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और नगर निकाय और पंचायती राज का जो परिसीमन हुआ है वह पूर्ण रूप से नियमानुसार हुआ है। इसमें कहीं कोई भेदभाव नहीं किया गया है, जैसा कांग्रेस सरकार के समय हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित