अंबिकापुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह सिद्दू की हत्या की कथित साजिश का मामला सामने आया है। डाक के माध्यम से मिले एक गुमनाम पत्र में जेल के भीतर से उनकी हत्या की योजना बनाए जाने तथा इसके लिए हरियाणा, ओडिशा और झारखंड से पेशेवर शूटर बुलाए जाने का दावा किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस नेता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए सुरक्षा बढ़ाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह सिद्दू को हाल ही में डाक से एक अज्ञात व्यक्ति का पत्र प्राप्त हुआ। पत्र में दावा किया गया है कि उनकी हत्या कराने के लिए जेल के अंदर से साजिश तैयार की जा रही है। इस कथित योजना को अंजाम देने के लिए हरियाणा, ओडिशा और झारखंड से शूटरों को बुलाने तथा उन्हें बड़ी रकम दिए जाने की बात भी पत्र में लिखी गई है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले गुरप्रीत सिंह सिद्दू पर उनके घर के बाहर जानलेवा हमला हुआ था। हालांकि, इस घटना में वह बाल-बाल बच गए थे। पूर्व में हुए हमले के बाद अब हत्या की साजिश से संबंधित गुमनाम पत्र मिलने से उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित