जयपुर , अप्रैल 23 -- राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस के हालात ऐसे हैं कि साथ में फोटो खिंचवाकर उन्हें सार्वजनिक रूप से एकजुटता दिखानी पड़ रही है।

श्री राठौड़ ने आज यहां मीडिया से बातचीत में गहलोत-पायलट की तस्वीर के संबंध में पूछे गए सवाल पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि फोटो खिंचवाकर यह दिखाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे साथ हैं, जबकि इससे उनके आपसी मतभेद ही उजागर होते हैं। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि उन्हें सार्वजनिक रूप से एकजुटता दिखानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि श्री गहलोत कह रहे हैं कि पहली बार कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एसटी, एससी और ओबीसी वर्गों के बारे में बात की है। यह बयान स्वयं में चौंकाने वाला है और इससे स्पष्ट होता है कि पहले इन वर्गों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

श्री राठौड़ ने करिफाइनरी के मुद्दे पर कहा कि विपक्ष को इस विषय पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। घटना की जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित