जयपुर , अक्टूबर 19 -- राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एनएसयूआई नेता रितु बराला के साथ दिल्ली में हुई कथित मारपीट के मामले में जयपुर में पुलिस द्वारा जीरो एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने पर सोमवार को पुलिस आयुक्तालय पर धरना शुरु कर दिया।
श्री डोटासरा ने बताया कि इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज न होने के कारण वह पुलिस आयुक्तालय आये हैं लेकिन यहां कोई सुनने वाला नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्राथमिकी दर्ज नहीं होती है तो मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता जयपुर पहुंचेंगे और आयुक्तालय का घेराव करेंगे।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि यदि प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई तो कल कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता पुलिस आयुक्तालय पहुंचेंगे और घेराव करेंगे। श्री डोटासरा एवं कांग्रेस के अन्य नेता पुलिस आयुक्तालय पर धरना दे रहे हैं और रात भर धरना जारी रहेगा।
इससे पहले कांग्रेस नेताओं ने मोती डूंगरी थाने पहुंचकर रितु बराला की शिकायत दी थी, लेकिन जीरो एफआईआर दर्ज नहीं हुई। इसके बाद मामला पुलिस आयुक्तालय तक पहुंचा और श्री डोटासरा ने अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ धरना शुरु कर दिया।
उल्लेखनीय है कि हाल में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने श्री डोटासरा से फोन पर बातचीत कर उन्हें इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित