जयपुर , मई 18 -- राजस्थान में कांग्रेस राष्ट्रीय योग्यता सह प्रवेश परीक्षा-यूजी (नीट-यूजी2026) का पेपर लीक होने, इसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं की कथित संलिप्तता सामने आने के विरोध में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे तथा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग करने की मांग करते हुये 21 मई जयपुर में भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन करेगी।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने सोमवार को बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में यह विरोध-प्रदर्शन किया जायेगा। श्री चतुर्वेदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि नीट-2026 की परीक्षा का पेपर लीक होना देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसके लिये केन्द्र सरकार तथा एनटीए पूरी तरह से जिम्मेदार है। नीट-2026 के पेपर लीक में भाजपा के नेताओं की संलिप्तता सामने आयी है तथा जांच में पाया गया कि आरोपी ने नीट-2025 का पेपर भी खरीद कर लीक करवाया और नीट-2024 का पेपर भी लीक हुआ था, लेकिन केन्द्र सरकार ने एनटीए के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की जो प्रमाणित करता है कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ केन्द्र सरकार लगातार खिलवाड़ कर रही है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा करायी जा रही परीक्षाओं के पेपर लीक होने और परीक्षायें निरस्त होने की एक लम्बी सूची है, किन्तु भाजपा की सरकार ने किसी भी जिम्मेदार के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही नहीं की और प्रदेश की भाजपा सरकार ने नीट-2026 का पेपर लीक होने की जानकारी मिलने के बावजूद इस प्रकरण को लम्बे समय तक दबाये रखा और प्रदेश में प्राथमिकी तक पुलिस ने दर्ज नहीं करी जो सीधे-सीधे लाखों छात्रों के भविष्य पर कुठाराघात करने के समान है।
श्री चतुर्वेदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार नीट परीक्षा के पेपर लीक होने से रोकने में केन्द्र सरकार विफल रही है और जिम्मेदारों को बचा रही है जिस कारण श्री प्रधान के इस्तीफे तथा एनटीए को भंग करने की मांग को लेकर श्री डोटासरा के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस द्वारा 21 मई को पूर्वाह्न 11 बजे प्रदेश भाजपा मुख्यालय का घेराव किया जायेगा। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता प्रात: 10 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय जयपुर पर एकत्रित होंगे और यहां से जुलूस के रूप में शहीद स्मारक होते हुये प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचकर घेराव एवं विरोध-प्रदर्शन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित