अलवर , सितम्बर 03 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य सभा सांसद एवं राजस्थान भाजपा प्रभारी डॉ राधा मोहन अग्रवाल ने कहा है कि कांग्रेस लगातार धार्मिक आस्थाओंका अपमान करने वाली राजनीति कर रही है और गलती करने के बाद भी दूसरों पर आरोप लगानेसे पीछे नहीं हटती।
डॉ. अग्रवाल ने गुरुवार को अलवर में पत्रकारों से कहा कि मंदिर जैसी पवित्र जगह में घुसकर विवादित नारेबाजी करवाना कांग्रेस की घटिया राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी के घर में गंदगी फेंकी जाये, तो क्या वह व्यक्ति उसकी सफाई नहीं करेगा। इसी तरह मंदिरों की पवित्रता को लेकर भी समाज की भावनाओं को समझना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस धार्मिक आस्थाओं का अनादर करके समाज में विवाद पैदा करने की कोशिश कर रही है।
डाॅ अग्रवाल ने कांग्रेस पर 'चोरी और सीनाजोरी' की राजनीति करने का आरोप लगाते हुुए कहा कि गलती कांग्रेस करती है और बाद में उसका ठीकरा दूसरे लोगों के सिर फोड़ने की कोशिश करती है। कांग्रेस को अपनी राजनीति और अपने नेताओं की भूमिका पर जवाब देना चाहिए, न कि हर मामले में भाजपा पर आरोप लगाने चाहिए।
दलित समुदाय से जुड़े मामले पर डॉ अग्रवाल ने कहा कि जिन दो दलित भाइयों ने हिम्मत दिखाई, वे भाजपा के कार्यकर्ता तक नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दलितों की पीड़ा को सामने रखा तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवा दी गयी। लोकतंत्र में सच बोलना अपराध नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लेकर डॉ. अग्रवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, " राहुल गांधी ने तो कह दिया चढ़ जा बेटा सूली पर। राहुल खुद किनारे हो गये और खड़गे साहब को आगे करके फंसा दिया।"उन्होंने कहा कि जिस कार्यक्रम स्थल पर पूरा घटनाक्रम हुआ, वहां श्री खरगे खुद मौजूद थे। ऐसे में मामले की जांच होती है तो श्री खरगे को भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित