नयी दिल्ली , जुलाई 22 -- कांग्रेस ने 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत बुधवार को देशभर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों तथा अन्य शैक्षणिक परिसरों में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया।
कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने आज आवश्यक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि लगातार हो रहे प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं में देरी, भर्ती प्रक्रिया में अनिश्चितता, शिक्षा की बढ़ती लागत और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर छात्रों की आवाज को संगठित ढंग से उठाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
श्री वेणुगोपाल ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 17 जून को राजस्थान के कोटा से 'छात्रों की गूंज' अभियान की शुरुआत की थी, जिसे 17 जुलाई को देहरादून में आगे बढ़ाया गया। इस अभियान का उद्देश्य देश की शिक्षा व्यवस्था को शोषणकारी तंत्र से मुक्त कराने और छात्रों के मुद्दों पर जनदबाव बनाना है।
बयान के अनुसार मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने यहां छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री आवास के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया लेकिन पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि देश के युवाओं के साथ खड़ा होना, शिक्षा व्यवस्था की जवाबदेही सुनिश्चित करना और छात्रों के भविष्य की रक्षा करना उनकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
पार्टी ने अपने नेताओं से कहा है कि आज वे संबंधित शहरों के समन्वयकों के साथ कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों की गूंज' अभियान पर संवाददाता सम्मेलन करें। श्री गांधी के कोटा भाषण और प्रस्तुति के माध्यम से पेपर लीक, परीक्षा में देरी, भर्ती में अनिश्चितता तथा बेरोजगारी जैसे मुद्दों को छात्रों के समक्ष रखें। साथ ही छात्रों को अभियान से जुड़ने और अपने अनुभव एवं सुझाव साझा करने के लिए प्रोत्साहित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित