नयी दिल्ली , दिसंबर 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने गुरुवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर वैश्य समाज एवं व्यापारियों के कथित प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद एक्स पर किये गये पोस्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुये उन पर निशाना साधा।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि श्री गांधी 'व्यापार खत्म होने की कगार पर है' जैसे बयान देकर कांग्रेस एक बार फिर देश के व्यापारियों को गुमराह करने और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन्होंने दशकों तक सत्ता में रहते हुए व्यापारियों को प्रताड़ित किया और व्यापार विरोधी नीतियों, लाइसेंस राज तथा इंस्पेक्टर राज को बढ़ावा दिया, वह आज व्यापार की चिंता करने का दिखावा कर रहे हैं।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि वैश्य समाज और देश का व्यापारी वर्ग हमेशा से भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस के शासन में व्यापारी वर्ग को सबसे अधिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में बैंक राष्ट्रीयकरण, परमिट-कोटा राज, भ्रष्टाचार और नीति अस्थिरता ने वर्षों तक व्यापार को जकड़े रखा-जिसे देश का व्यापारी कभी भूल नहीं सकता।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि आज यदि देश में जीएसटी में सुधार, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में प्रगति, डिजिटलीकरण, कर प्रणाली में पारदर्शिता और व्यापार को सम्मान मिला है, तो यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की स्पष्ट नीयत और निर्णायक नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार व्यापार संगठनों से निरंतर संवाद कर ठोस समाधान की दिशा में कार्य कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित