भीलवाड़ा , अक्टूबर 01 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि कांग्रेस जनादेश का सम्मान नहीं करती, बल्कि उसका अपमान करती है।
श्री राठौड़ गुरुवार को भीलवाड़ा के दौरे पर रहे। यहां वह पार्टी की बैठक में शामिल हुए जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में संगठन की चुनावी तैयारियों पर चर्चा हुई।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने पार्टी के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान संगठन को चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं से जानकारी लेने और आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। जिला भाजपा अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने श्री राठौड़ का स्वागत किया।
बैठक के बाद श्री राठौड़ ने पत्रकारों से कहा कि जनता जिस पार्टी को अपना समर्थन देती है, उसके निर्णय और जनादेश का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए गोविंद सिंह डोटासरा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सत्ता के दौरान सत्ता का दुरुपयोग किया गया और परिजनों को लाभ पहुंचाने के प्रयास हुए। उन्होंने कहा कि जनता के लिए धरातल पर अपेक्षित काम नहीं किए गए।
श्री राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी और आंतरिक कलह है और नेता अलग-अलग खेमों में बंटे हुए हैं। कांग्रेस में आपसी खींचतान के कारण संगठनात्मक एकजुटता प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कांग्रेस में पहले जैसी स्थिति नहीं रही। पार्टी में उनकी चलती होती तो नगर निकाय चुनाव के दौरान वह रोड शो करते नजर आते।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर टिप्पणी करते हुए श्री राठौड़ ने कहा कि वह 'मुंगेरीलाल के सपने' देख रहे हैं। कांग्रेस में नेता एक-दूसरे के पैर खींचने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 'खुद चोर होकर दूसरों पर आरोप लगाने' की राजनीति कांग्रेस कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित