भोपाल , जून 24 -- भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामेश्वर शर्मा ने उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करना बंद करे।
श्री शर्मा ने आज बुधवार को भोपाल में कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जो ब्यौरा दिया था, उसमें एक इंच भूमि की भी वृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का निशाना सनातन पर है और वह विकास कार्यों को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा कर रही है।
उन्होंने कहा कि उज्जैन हिंदुओं का प्रमुख धार्मिक क्षेत्र है और मुख्यमंत्री डॉ. यादव वहां के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। आगामी कुंभ आयोजन को लेकर तैयारियां चल रही हैं, जिससे कांग्रेस परेशान है।
भाजपा विधायक ने कहा कि महाकुंभ जैसे धार्मिक आयोजन की तैयारियों पर कांग्रेस सवाल उठा रही है, जबकि अन्य धार्मिक आयोजनों पर होने वाले खर्च को लेकर उसे कोई आपत्ति नहीं होती। श्री शर्मा ने कहा कि उज्जैन के विकास और महाकुंभ की तैयारियों को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है तथा कांग्रेस के आरोप तथ्यहीन हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित