भोपाल , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश के राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक मुद्दों के साथ जनहित से जुड़े विषयों पर व्यापक मंथन किया गया। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, कार्यक्रमों और आंदोलनों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।

बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। श्री चौधरी ने कहा कि पीएसी की बैठक में संगठन सृजन अभियान और जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई। कांग्रेस युवाओं, छात्रों, किसानों, महिलाओं और ओबीसी वर्ग के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।

उन्होंने खाद संकट, उज्जैन में कथित भ्रष्टाचार, राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े विवाद और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता है। श्री पटवारी के खिलाफ कार्रवाई को उन्होंने लोकतांत्रिक आवाज दबाने का प्रयास बताया। श्री चौधरी ने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग करते हुए कहा कि छात्रों, किसानों और आम जनता के अधिकारों के लिए जरूरत पड़ने पर कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।

श्री पटवारी ने कहा कि करीब पांच घंटे चली पीएसी बैठक में प्रदेश की राजनीतिक, संगठनात्मक और जनहित से जुड़ी परिस्थितियों पर व्यापक चर्चा हुई। उन्होंने दतिया उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत को कांग्रेस के साथ मध्यप्रदेश की जनता की जीत बताते हुए कहा कि दतिया ने बदलाव की राजनीति का स्पष्ट संदेश दिया है।

उन्होंने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, शिक्षा, रोजगार, किसानों की खाद समस्या, महिला एवं ओबीसी आरक्षण, अपराध और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि स्वच्छ, समृद्ध और सुरक्षित मध्यप्रदेश का विकल्प बनना चाहती है।

श्री पटवारी ने सरकार पर कथित राजनीतिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं, दलितों, आदिवासियों और ओबीसी वर्ग के साथ अन्याय के खिलाफ कांग्रेस मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग करते हुए कहा कि अप्रत्यक्ष चुनाव होने पर कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।

राज्यसभा चुनाव मामले में श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को न भूली है और न भूलेगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा के सचिव एवं चुनाव अधिकारी अरविंद शर्मा के खिलाफ इसी सप्ताह न्यायालय जाने की तैयारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग कर भाजपा के दबाव में कांग्रेस का राज्यसभा नामांकन निरस्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे किसी अधिकारी या व्यक्ति को नहीं छोड़ेगी, जो राजनीतिक दबाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से खिलवाड़ करेगा।

श्री पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता ने भाजपा सरकार के कथित अपराधों और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना संदेश दिया है। उन्होंने दतिया की जनता, कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह और सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस इस जीत को विनम्रता से स्वीकार कर जनता के मुद्दों की लड़ाई और मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सरकार के कथित भ्रष्टाचार के मामलों को जनता के सामने उजागर किया जाएगा और भ्रष्टाचार चाहे किसी मंत्री, मुख्यमंत्री या भाजपा नेता का हो, कांग्रेस अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

नेता प्रतिपक्ष श्री सिंघार ने कहा कि दतिया की जीत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरा है और आगामी निकाय चुनावों में इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने युवाओं की समस्याओं, परीक्षा घोटालों, पेपर लीक और फर्जी नियुक्तियों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा की मांग की। श्री सिंघार ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों को राजनीतिक प्रताड़ना बताते हुए कहा कि कांग्रेस हर कार्यकर्ता के साथ मजबूती से खड़ी है।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह वर्चुअल रूप से शामिल हुए। इसके अलावा राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, डॉ. गोविंद सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री कांतिलाल भूरिया, सज्जन वर्मा, बाला बच्चन, विजयलक्ष्मी साधो, तरुण भनोट, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, संगठन महासचिव संजय कामले, महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा, विधायक फूल सिंह बरैया, विक्रांत भूरिया, आरिफ मसूद, घनश्याम सिंह, पूर्व विधायक प्रवीण पाठक, नीटू सिंह सिकरवार, सत्यनारायण पटेल, सह-प्रभारी रणविजय सिंह, राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र मरावी, हिना कावरे, राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी और सेवादल प्रदेश संगठक अवनीश भार्गव सहित वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित