हैदराबाद , मई 11 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता और तेलंगाना पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सलाहकार वी हनुमंता ने कांग्रेस पर 'भड़काऊ टिप्पणी' करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अंबरपेट पुलिस स्टेशन में सोमवार को शिकायत दर्ज की।

श्री राव ने हैदराबाद में दिये गये प्रधानमंत्री के उस बयान के खिलाफ शिकायत दर्ज की, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को 'मुसलमानों की पार्टी' बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी भड़काऊ थी और सामाजिक कलह पैदा करने के लिए की गयी थी।

इस अवसर पर श्री राव अंबरपेट के थाना प्रभारी (एसएचओ) किरण कुमार से मिले और इस बयान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए एक आधिकारिक शिकायत दर्ज की।

उन्होंने कहा कि देश में सामाजिक सौहार्द को खतरे में डालने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वे किसी भी पद पर हों। कांग्रेस नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी इस टिप्पणी पर असहजता जाहिर करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने एवं सामाजिक सौहार्द बरकरार रखने की जिम्मेदारी का आभास होना चाहिए।

उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया कि इस शिकायत की गहन जांच हो तथा आवश्यक कार्रवाई की जाये। कांग्रेस सचिव शंबुला श्रीकांत गौड़, गोर्ना के. के कॉर्पोरेटर उम्मीदवार पोलिनेनी राममोहन और कई अन्य नेता शिकायत दर्ज होने के समय मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित