रायपुर , अक्टूबर 28 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चार राज्यों में हुए विधान परिषद चुनावों के परिणामों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि मतदान के लिए बैलेट पेपर की मांग करने वाली कांग्रेस को बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी पराजय का सामना करना पड़ा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की कुल 28 विधान परिषद सीटों पर हुए चुनावों में कांग्रेस एक भी सीट हासिल नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली।
श्री साय ने कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी अपनी हार के लिए बार-बार मतदान प्रक्रिया को जिम्मेदार ठहराती रही है। ऐसे में बैलेट पेपर से हुए चुनावों के परिणामों के बाद कांग्रेस को अपनी स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से हों या बैलेट पेपर से, जीत के लिए मतदाताओं का विश्वास हासिल करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय अपनी चुनावी विफलताओं के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन ही किसी भी राजनीतिक दल की चुनावी सफलता का आधार होता है। केवल आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक बयानबाजी के सहारे चुनाव नहीं जीते जा सकते।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित