श्रीगंगानगर , सितम्बर 12 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता युवरेंद्रसिंह बराड़ यूरी के युवा पुत्र जैसलसिंह बराड़ ( 27) ने शनिवार को लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
इस घटना का शाम करीब पांच बजे पता चला जब घर में काम करने वाले बहादुर ने युवरेंद्रसिंह को बताया कि जैसल अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा। युवेंद्रसिंह घर के अग्र भाग में रहते हैं। उनका मकान काफी लंबा चौड़ा है। जब वह बेटे के कमरे में गये तो दरवाजा अंदर से बंद था। बाद में जब दरवाजा तोड़ा गया तो वह अंदर खून से लथपथ मृत पड़ा था। पास में ही लाइसेंसी बंदूक पड़ी थी।
पुलिस को घटना की सूचना शाम करीब साढ़े छह बजे दी गयी। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मृतक जैसलसिंह इकलौता पुत्र था। उसके द्वारा खुदकुशी किये जाने का पता चलने पर केसरीसिंहपुर और श्रीकरणपुर क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उनके निवास पर पहुंचे। इस बीच ग्रामीणों की भी काफी भीड़ जुट गयी।
उल्लेखनीय है कि युवरेंद्रसिंह यूरी पंचायत समिति श्रीकरनपुर के प्रधान रह चुके हैं। उनके पिता सरदार बाघसिंह भी पंचायत समिति के प्रधान रहे थे। सूत्रों ने बताया कि जैसलसिंह का कुछ दिन पहले ही रिश्ता किया गया था। वह अमूमन सुबह देर से सोकर उठा करता था। आज दोपहर दो बजे तक वह कमरे से बाहर नहीं आया।
थाना प्रभारी ने देर शाम बताया कि अभी मौके पर कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित