फाजिल्का , अगस्त 04 -- कांग्रेस महासचिव एवं पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल ने मंगलवार को कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस का मुकाबला केवल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) और शिरोमणि अकाली दल जैसे राजनीतिक दलों से ही नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर मौजूद 'स्लीपर सेल' से भी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ भी संघर्ष करना होगा। फाजिल्का में आयोजित 'हर बूथ, कांग्रेस मजबूत' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस की जीत का पहिया पंजाब से घूमना शुरू होगा और उन्हें विश्वास है कि राज्य में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी।

श्री बघेल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वर्ष 2026 को संगठन सुदृढ़ीकरण का वर्ष घोषित किया है। उन्होंने कहा कि यदि जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत नहीं होगा, तो शीर्ष नेतृत्व भी प्रभावी नहीं हो सकता। पंजाब कांग्रेस द्वारा सभी बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की सराहना करते हुए कहा कि अब तक कोई अन्य राजनीतिक दल ऐसा नहीं कर पाया है।

श्री बघेल ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके शासन में राज्य की कानून-व्यवस्था चरमरा गयी है और गैंगस्टरवाद बढ़ा है। उन्होंने कहा कि फिरौती मांगना आम बात हो गयी है और विरोध करने वालों की दिनदहाड़े हत्या की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में रेत, जमीन और फिरौती जैसे विभिन्न माफिया सक्रिय हो गये हैं, जिससे आम लोगों का जीवन कठिन हो गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किये गये और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गयी।

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए श्री बघेल ने कहा कि मंहगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है तथा केंद्र सरकार भर्ती परीक्षाएं तक सही तरीके से आयोजित नहीं कर पा रही है। उन्होंने युवाओं की सराहना करते हुए दावा किया कि 'जनरेशन-ज़ेड' ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को झुकने पर मजबूर किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि अगला इस्तीफा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का होना चाहिए।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सुनील जाखड़ पर 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि श्री जाखड़ ने भाजपा के इशारे पर कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी की थी। राजा वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस जाति, धर्म और समुदाय से ऊपर उठकर सभी लोगों की पार्टी है, जबकि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति करती है। राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सरकारी कर्मचारियों को उनका मंहगाई भत्ता (डीए) न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद सरकार डीए जारी नहीं कर रही, जबकि दूसरे राज्यों में विज्ञापनों पर करोड़ों रुपये खर्च किये जा रहे हैं।

उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) और डीए के मुद्दे पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री को 15 दिनों के भीतर उच्च न्यायालय के आदेश को लागू करने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर कांग्रेस कर्मचारियों के समर्थन में राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।

कार्यक्रम में रविंदर दलवी, हंसराज जोसन, डॉ. मोहिंदर रिनवा, मोहन सिंह फल्लीवाला, नाथू राम, राज बख्श कंबोज सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित