जयपुर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश में कांग्रेस नेताओं के एकजुटता के दावों पर कहा है कि 'हम सब एक हैं' कहने की जरूरत उसी को पड़ती है, जिसके मन में संदेह होता है।

श्री राठौड़ ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि कांग्रेस के नेता एक फोटो फ्रेम के लिए एक साथ खड़े हो रहे हैं, जिनके बीच मतभेद और मनभेद नहीं होते, उन्हें बार-बार अपनी एकता का दिखावा करने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर की वास्तविक स्थिति उसके नेताओं के बयानों और गतिविधियों से स्पष्ट हो रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर रंधावा द्वारा कांग्रेस के ही नेता सचिन पायलट से बयान देने की बात कही गयी और जब उन्होंने मना कर दिया तो उन्हें पकड़कर लाने की बात सामने आयी। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस के नेता सचिन पायलट को बच्चा समझते हैं। कांग्रेस को अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ इस प्रकार का व्यवहार करने के बजाय उनके सम्मान और स्वतंत्रता का ध्यान रखना चाहिए।

श्री राठौड़ ने आरोप लगाते हुए कहा कि देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके पीछे विदेशी साजिश हो सकती है और देश के कुछ नेता विदेशी ताकतों की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं। भारत की जनता को ऐसे प्रयासों को समझना होगा और देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने वाले प्रयासों से सावधान रहना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित