रायपुर , अक्टूबर 13 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद एवं फिल्म अभिनेता रवि किशन ने मंगलवार को कांग्रेस के दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक विरोध के नाम पर आम जनता को परेशान कर रहा है और संसद की कार्यवाही में बाधा उत्पन्न कर रहा है।

बिलासपुर में आयोजित गरबा महोत्सव में शामिल होने के लिए मंगलवार सुबह रायपुर पहुंचे रवि किशन ने स्वामी विवेकानंद विमानतल पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। मोदी को हरा नहीं पा रहे हैं इसलिए लोगों को हाईजैक करने पर आ गए हैं। मारपीट पर उतारू हो गए हैं।

भाजपा सांसद ने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 65 साल तक देश का शोषण किया और अब वह भारत को फिर से पीछे लेकर जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है और देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

रवि किशन ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को नौकरी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने सड़क जाम करने को आंदोलन का अनुचित तरीका बताया।

इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा सांसद ने सवाल किया कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब ईवीएम और वोट चोरी का आरोप क्यों नहीं लगाती है ? उन्होंने कांग्रेस को विकास के मुद्दों पर राजनीति करने की सलाह देते हुए देश के भविष्य के लिए अपना रोडमैप स्पष्ट करने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित