श्रीगंगानगर , अक्टूबर 10 -- राजस्थान में सूरतगढ़ नगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में कांगेस के दो पार्षदों के शामिल होने से भाजपा की स्थिति मजबूत हो गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाल ही में संपन्न हुए नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस और भाजपा को बराबर 16-16 सीटें मिली थीं, जबकि 12 निर्दलीय और एक मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) प्रत्याशी भी विजयी हुए थे। ऐसे संतुलित नतीजों के बीच कांग्रेस को कुछ ही दिनों में शनिवार को दूसरा बड़ा झटका तब लगा, जब उसके दो पार्षद अचानक भाजपा में शामिल हो गये।
वार्ड नंबर छह से निर्वाचित हरिराम स्वामी और वार्ड नंबर सात से निर्वाचित शिवशंकर नायक ने पालिकाध्यक्ष ज्योतिकंवर के निवास पर आनन-फानन में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष शरणपालसिंह मान ने दोनों का भाजपा पटका पहनाकर औपचारिक रूप से स्वागत किया।
दोनों पार्षदों ने कहा कि कांग्रेस में उनकी अनदेखी हो रही थी और वार्ड के विकास कार्यों को लेकर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा था। इसी वजह से उन्होंने विकास के मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए भाजपा का दामन थामने का फैसला किया। उनके अनुसार स्थानीय मुद्दों पर काम करने के लिए पार्टी परिवर्तन जरूरी हो गया था।
जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह मान ने कहा कि दोनों पार्षदों के भाजपा में शामिल होने से बोर्ड को अतिरिक्त बल मिला है और अब शहर के विकास को और रफ्तार दी जा सकेगी।
पालिकाध्यक्ष ज्योतिकंवर ने दोनों का स्वागत करते हुए कहा कि पालिका बोर्ड में भाजपा का कारवां और बढ़ा है। उन्होंने भरोसा जताया कि अब बिना किसी भेदभाव के पूरे शहर में विकास की नयी इबारत लिखी जायेगी।
राजनीतिक दृष्टि से कांग्रेस के लिए यह न केवल सीटों का नुकसान है, बल्कि पार्टी के अंदरूनी असंतोष का भी संकेत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित