यमुनानगर , सितंबर 30 -- हरियाणा कांग्रेस के ओबीसी विभाग के तत्वावधान में बुधवार को यमुनानगर में जातीय जनगणना की मांग को लेकर ओबीसी हक हुंकार अभियान के तहत प्रदर्शन कर उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नामज्ञापन सौंपा गया।
राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध और विधायक एवं कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में बड़ी संख्यामें कार्यकर्ता लघु सचिवालय के पास एकत्र हुए। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) अध्यक्ष देवेंद्र सिंह और जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष नरपाल सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि इसी ऊर्जा और एकजुटता के साथ जातीय जनगणना की मांग को लेकर 100 दिनों तक ओबीसी हक हुंकार अभियान जारी रहेगा। इसके तहत पैदल मार्च, धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल और रैली कर लोगों को जागरूक किया जाएगा और भाजपा सरकार को पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से जातीय जनगणना कराने के लिए मजबूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए जातीय जनगणना सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जातीय जनगणना को दरकिनार कर रही है, जनगणना फॉर्म में ओबीसी कॉलम का प्रावधान ही नहीं किया गया है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेशभर में सामाजिक न्याय और समान भागीदारी के लिए 100 दिवसीय अभियान चल रहा है। इस अभियान में जनगणना में स्पष्ट ओबीसी श्रेणी, प्रत्येक जाति के लिए विशिष्ट वैज्ञानिक कोड, राज्यवार मानकीकृत जाति मास्टर लिस्ट और ड्रॉप-डाउन मेन्यू का प्रावधान करने की मांग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी विभिन्न मंचों पर जातीय जनगणना की आवाज उठा रहे हैं। भाजपा ने बड़े-बड़े वादे कर पिछड़े वर्गों के वोट तो ले लिए, लेकिन उन्हें पूरा करने के समय सुध लेने को तैयार नहीं है।
राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने कहा कि वादाखिलाफी करना भाजपा की पुरानी आदत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ओबीसी कल्याण को लेकर खोखली बातें कर रहे हैं। भाजपा की नीति सिर्फ समाज को बांटने की रही है, जबकि कांग्रेस की नीति इससे बिल्कुल अलग है।
जिला ग्रामीण अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर ने कहा कि भाजपा की बांटने वाली नीति को जनता समझ चुकी है और अब लोग उसके झांसे में नहीं आएंगे। जिला शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा हर बात में अपना स्वार्थ देखती है और जाति-धर्म में बांटकर अपना उल्लू सीधा करती है। भाजपा सरकार में किसी भी वर्ग का कल्याण नहीं हुआ है और अकेले श्री गांधी से ही सरकार घबराई हुई है।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता निर्मला चौहान, रमन त्यागी, पंडित राजकुमार त्यागी, सतपाल कौशिक, मोहन गुर्जर, नरसिंह पाल, जाकिर हुसैन, बरखा राम पांसरा ने भी विचार व्यक्त किये। इस मौके पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित