जयपुर , अक्टूबर 31 -- केन्द्रीय शिक्षा, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलात मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस की राजनीति अब बार-बार लॉन्च और रिलॉन्च करने तक सीमित रह गई है। श्री जोशी ने शनिवार को यहां मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्री गांधी को कई बार लॉन्च किया गया लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिली। कांग्रेस के भीतर भी अब यह चर्चा होने लगी है कि आखिर एक असफल राजनीतिक प्रोडक्ट को कितनी बार लॉन्च किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन के लिए लगातार काम करना पड़ता है, लेकिन श्री गांधी का कार्यक्रम केवल दो चार दिनों का ही रहता है। इसके बाद वे कभी वियतनाम तो कभी अन्य देश में चले जाते है। ऐसे में कांग्रेस के नेतृत्व की गंभीरता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

श्री जोशी ने कहा कि श्री गांधी भारत के लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर विदेशी देशों से सहायता मांगने की बात करते हैं। भारत के आंतरिक लोकतांत्रिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की बात करना उचित नहीं है। भारत की जनता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के माध्यम से अपनी सरकार चुनने में पूरी तरह सक्षम है। लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च है और जनता के निर्णय को स्वीकार करना प्रत्येक राजनीतिक दल का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए जनता के बीच जाकर परिश्रम करना चाहिए, न कि हारने के बाद संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना चाहिए। भाजपा का 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान देश की जनता को जागरूक करनेका प्रयास है। लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और देश की एकता-अखंडता को मजबूत बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित