पटना , जून 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस का "तानाशाही डीएनए" आज भी बरकरार है और राहुल गांधी के अहंकार तथा अंतर्कलह के कारण पार्टी का लगातार पतन हो रहा है।श्री पांडेय ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय है, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी सत्ता बचाने के लिए देश में आपातकाल लागू किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया गया, न्यायपालिका की अवहेलना की गई और मीडिया पर सेंसरशिप लगाई गई। साथ ही लाखों विपक्षी नेताओं और लोकतंत्र समर्थकों को जेल भेज दिया गया।
भाजपा नेता ने कहा कि आपातकाल कांग्रेस की सत्ता लोलुपता और अलोकतांत्रिक सोच का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदिरा गांधी के समय जो तानाशाही और अहंकार कांग्रेस नेतृत्व में दिखाई देता था, उसकी झलक आज राहुल गांधी के नेतृत्व में भी देखने को मिल रही है।
श्री पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी बिना किसी जवाबदेही के पार्टी को अपनी निजी जागीर की तरह चला रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर किसी नेता को स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने की आजादी नहीं है और संगठन में लोकतांत्रिक मूल्यों का अभाव है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व और कार्यशैली के कारण कांग्रेस के भीतर गंभीर अंतर्कलह की स्थिति बनी हुई है। पार्टी के कई वरिष्ठ और जमीनी नेता स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं, जिसके कारण अनेक बड़े नेता कांग्रेस छोड़ चुके हैं।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज एक "डूबता हुआ जहाज" बन चुकी है, जिसके नेतृत्व के पास न कोई स्पष्ट दृष्टि है और न ही संगठन को मजबूत करने की क्षमता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश की जनता की अपेक्षाओं और भावनाओं को समझने में असफल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित