दुमका , अक्टूबर 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और झारखंड के गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस का संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का पुराना इतिहास रहा है। श्री दूबे गुरूवार को दुमका परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि कांग्रेस विपक्षी दलों के साथ मिलकर राष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए विदेशी ताकतों के साथ मिलकर एक बड़ी साजिश रची रही है।
सांसद निशिकांत ने दावा किया कि देश में अस्थिरता फैलाने के उद्धेश्य से प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पिछले एक दशक में करीब 270 बार विदेश की यात्राएं की हैं। इस दौरान वे इल्हान उमर जैसी अमेरिकी सांसद से भी मुलाकात की, जो कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बता चुकी हैं और फिलहाल झूठी जानकारी देकर अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के आरोप में वहां छापों का सामना कर रही हैं।
सांसद श्री दूबे ने देश को अस्थिर करने को लेकर विदेशी साजिशों की चर्चा करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्रिप्टोकरेंसी और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए देश को भारी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन गैंबलिंग 30-35 ट्रिलियन डॉलर का कारोबार बन चुका है, जबकि बिना किसी कानूनी वजूद वाली क्रिप्टोकरेंसी पूरी दुनिया में लोगों को बर्बाद कर रही है।
श्री दूबे ने संथाल परगना की स्थिति पर गहरी चिंता जताते कहा कि इस क्षेत्र की जनसांख्यिकी में जानबूझकर बदलाव किया जा रहा है। उन्होंने पुन: दोहराया कि 1951 में संथाल परगना में आदिवासी आबादी 45 प्रतिशत थी, वहीं अब यह घटकर मात्र 26-27 प्रतिशत रह गई है। जबकि बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण मुस्लिम आबादी बढ़कर 24-25 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि कराची में दाऊद इब्राहिम, कनाडा में गुरपतवंत सिंह पन्नू और मलेशिया में जाकिर नाइक जैसे लोग द्वारा इस देश को धर्म और जाति के आधार पर बांटने का प्रयास किया जा रहा हैं। उन्होंने आगे यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेश का देश की संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का पुराना इतिहास रहा है।
श्री दूबे ने 1974 का वह वाकया भी याद दिलाया, जब कांग्रेस के कार्यकाल में आठ जजों की वरीयता को नजरअंदाज कर सर्वोच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किये गये थे। इस मौके पर जिला भाजपा के जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल, जिला महामंत्री मृणाल मिश्रा, जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कु, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज कुमार साह, सहित भाजपा के कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित