अंबिकापुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के बाहर कांग्रेस द्वारा पिछले तीन दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन बुधवार को समाप्त हो गया। प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच सहमति बनने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अपनी भूख हड़ताल खत्म की, जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आमरण अनशन तोड़ा।

पार्टी के दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को नारियल पानी पिलाकर आंदोलन खत्म करने की घोषणा की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गौरतलब है कि, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज मामले को लेकर पार्टी लगातार प्रदर्शन कर रही थी। इस बीच श्री जैन की पत्नी की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं को आश्वस्त किया है कि मामले की जांच पूरी होने तक श्री जैन की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी। साथ ही विवेचना अधिकारी को हटाकर प्रकरण की जांच अब पुलिस उपाधीक्षक रैंक के अधिकारी को सौंपने का निर्णय लिया गया है।

कांग्रेस नेताओं की मांग विश्रामपुर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और नरेंद्र जैन पर दर्ज शस्त्र अधिनियम के मामले को वापस लेने की थी लेकिन प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित