नारायणपुर/सरगुजा , मार्च 08 -- घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमतों में हाल ही में की गई वृद्धि के विरोध में छत्तीसगढ़ के नारायणपुर और सरगुजा जिलों में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन किया।

नारायणपुर में जिला कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय जय स्तम्भ चौक पर विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के फैसले को तानाशाही और मनमाना बताते हुए घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये तथा कमर्शियल सिलेंडर पर 115 रुपये की बढ़ोतरी को तुरंत वापस लेने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए कांग्रेस वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने चुनावी वादों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले गैस सिलेंडर 500 रुपये में देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद न सिर्फ दाम घटाए गए, बल्कि लगातार बढ़ोतरी करके आम आदमी, विशेषकर गरीब परिवारों की रसोई पर बोझ बढ़ाया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि महंगाई को डायन बताने वाली सरकार अब जनता को लकड़ी के चूल्हे पर खाना पकाने को मजबूर कर रही है।

प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जानबूझकर सांप्रदायिक मुद्दों को उछालकर जनता का ध्यान बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं से भटका रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के कार्यकर्ताओं को छोड़कर आम जनता अब सरकार के खिलाफ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित