भिण्ड , जुलाई 31 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले में गोहद अनुभाग के मालनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घिरोगी निवासी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता करतार सिंह बघेल पर हुए कथित जानलेवा हमले के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीण कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
रामशेष बघेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता करतार सिंह बघेल पर सुनियोजित ढंग से हमला किया गया। उन्होंने कहा कि पीड़ित ने घटना से पहले अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ज्ञापन में पूरे मामले की किसी वरिष्ठ अधिकारी से उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, जांच में किसी पुलिस अधिकारी की लापरवाही पाए जाने पर उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा, आर्थिक सहायता तथा बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की गई।
कांग्रेस ने हरिशंकर बघेल के साथ पूर्व में हुई मारपीट की घटना की पुनः जांच कराने तथा मालनपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होने तक पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित