बारां , जून 03 -- राजस्थान में बारां जिले में पेयजल संकट, बिजली व्यवस्था, खराब सड़कों, चिकित्सा सेवाओं की अव्यवस्था और किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस समिति के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर धरना- प्रदर्शन करके कलेक्ट्रेट का घेराव किया। कार्यक्रम का नेतृत्व अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने किया। बाद में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
धरने को संबोधित करते हुए प्रमोद जैन भाया ने कहा कि जिले में पेयजल, बिजली, सड़क, चिकित्सा और किसानों से जुड़े मुद्दे लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनसमस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील नहीं है।
श्री भाया ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी, जिसमें ब्लॉक स्तर पर धरने, क्रमिक भूख हड़ताल और आगे बड़े आंदोलन शामिल होंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि जिले में पेयजल संकट विकराल रूप ले चुका है और ग्रामीण क्षेत्रों में हैंडपंप खराब पड़े हैं। जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने कहा कि महिलाओं और बच्चों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति भी चिंताजनक है।
पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल ने किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा, बीमा राशि का भुगतान और डीएपी-यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
धरने के बाद कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और किसानों ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित