सहारनपुर , सितंबर 25 -- समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर मचे घमासान और दोनों दलों के प्रमुख नेताओं के द्वारा की जा रही बयानबाजी के प्रकरण को लेकर पार्टी की ओर से आज अधिकृत बयान जारी किया गया है।

सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रवक्ता एमएलसी राजेंद्र चौधरी ने आज कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बार-बार यह बात साफ कर चुके हैं कि यूपी विधान सभा का अगला चुनाव सपा और कांग्रेस इंडिया गठबंधन के तहत मिल कर लडेंगे और सीटों के बंटवारे को लेकर कोई विवाद और झंझट पैदा नहीं होगा।

श्री चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बीच इस बात को लेकर सहमति बन गयी है कि सीटों के बंटवारे का आधार पार्टी उम्मीदवारों के जीतने की क्षमता होगा। उन्होंने कहा कि बहुमत मिलने की स्थिति में अखिलेश यादव मुख्यमंत्री होंगे इस पर भी दोनों नेताओं के बीच सहमति है। ऐसी सूरत में किसी को भी विवाद पैदा नहीं करना चाहिए और ना ही बेमतलब की बयानबाजी करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के समक्ष सपा सांसद इकरा हसन और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी बयानबाजी का प्रकरण आया है, उसी संदर्भ में अखिलेश यादव ने एक बार फिर स्थिति साफ करते हुए दोनों पार्टी के नेताओं से संयम बरतने और बयानबाजी न करने की अपील की।

राजेंद्र चौधरी ने कहा कि पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पक्ष में जबरदस्त लहर चल रही है और लोग उसी भावना से मौजूदा सरकार को उखाड़ना चाहते है जैसे आपात काल के दौरान जनता ने उस वक्त की सत्ता को उखाड़ फेंका था। राजेंद्र चौधरी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में आपातकाल से भी ज्यादा हालत खराब है। युवाओं और छात्रों के साथ पुलिस जगह-जगह उत्पीड़न और लाठीचार्ज कर रही है। समाजवादी पार्टी की छात्र सभा की ओर से प्रदेश भर में सभाएं की जा रही है। रायबरेली में एक दिन पूर्व अखिलेश यादव वहां के फिरोज गांधी डिग्री कालेज के मैदान पर छात्रों व युवाओं की सभा में पहुंचे थे जिसमें एक लाख के करीब संख्या थी और पचासों हजार लोगों ने अखिलेश यादव के रथ के 50 किमी मार्ग में सडकों पर खड़े होकर जबरदस्त अभिवादन किया। यही स्थिति अखिलेश यादव को लेकर पूरे प्रदेश के युवाओं व छात्राओं में बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित