रायपुर , मई 11 -- ) छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने सोमवार 12वीं बोर्ड के हिंदी प्रश्नपत्र लीक मामले में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) नेता वेणु उर्फ वेणु जंघेल की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि कांग्रेस और उससे जुड़े संगठन छात्र हितों की रक्षा के बजाय उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

श्री टिकरिहा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में भी युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में अनियमितताएं सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में आरोपी द्वारा साक्ष्य मिटाने के प्रयास यह संकेत देते हैं कि यह मामला किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पेपर लीक प्रकरण में सामने आए कुछ तथ्यों और तस्वीरों को लेकर राजनीतिक संरक्षण के सवाल उठ रहे हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए मामले की गहन जांच की मांग की और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

टिकरिहा ने कहा कि संगठन छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की मांग करता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित