जयपुर , अक्टूबर 31 -- राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन द्वारा संविधान, लोकतंत्र एवं वोट के अधिकार को बचाने को लेकर रविवार को नयी दिल्ली में आयोजित महारैली में 10 लाख से अधिक लोग भाग लेंगे और इसके लिए राजस्थान से एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे।
श्री डोटासरा शनिवार को यहां पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में यह दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा इन दोनों नेताओं के आदर्शों पर चलकर देश की एकता एवं अखण्डता, अमन चैन एवं भाईचारा और देश प्रगति के पथ पर चलती रहेगी और आज कांग्रेसजनों ने अपने आप को राष्ट्रभक्ति से जोड़ते हुए सब खुशहाल रहे देश प्रगति एवं संविधान मजबूत एवं अखंड रहे और दुनियां के सबसे खूबसूरत हमारे लोकतंत्र को कोई आंच नहीं आये, वोट का अधिकार छीना नहीं जाये का संकल्प लिया हैं।
उन्होंने कहा कि रविवार को नयी दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में दस लाख से अधिक लोग संविधान बचाने एवं वोट के अधिकार को बचाने के लिए महा प्रदर्शन एवं महारैली का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने बताया कि महारैली के लिए राजस्थान से एक लाख छह हजार लोगों की सूची मिली हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में ऐसा रैला पहले कभी नहीं हुआ ऐसा प्रदर्शन लोकतंत्र को बचाने के लिए होगा जो इतिहास के पन्नों पर लिखा जायेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र एवं वोट के अधिकार और लोगों को नफरत से बचाने के लिए यह प्रदर्शन किया जायेगा जिसमें इतनी बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे।
श्री डोटासरा ने दावा करते हुए कहा कि अब क्रांति की ज्वाला होने जा रही है और अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए गठबंधन की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है तथा वर्ष 2028 में यहां कांग्रेस की सरकार एवं वर्ष 2029 में केन्द्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि देश में बोलने एवं सुनने का अधिकार छीने जा रहे है और लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है। गरीब को और गरीब एवं अमीर को और अमीर बनाया जा रहा तथा देश की सारी संपदा उन्हें सौंपी जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित