रायपुर , अप्रैल 17 -- ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के विरोध को लेकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर तीखा प्रहार किया है और कहा है कि यह विरोध केवल एक कानून का नहीं, बल्कि देश की महिलाओं के अधिकार, सम्मान और नेतृत्व क्षमता को नकारने का प्रयास है।
श्री साय ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह रुख देश की मातृशक्ति के विश्वास और भविष्य की आकांक्षाओं पर आघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की सोच संकीर्ण है और उनका यह रुख दोहरे मापदंड को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश नारी शक्ति को निर्णय प्रक्रिया के केंद्र में स्थापित करने और उन्हें समान अवसर प्रदान करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इसके बावजूद इस प्रकार का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की माताएँ और बहनें सब कुछ देख और समझ रही हैं तथा समय आने पर इसका जवाब देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नारी सशक्तीकरण की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी और हर महिला को उसका अधिकार और सम्मान दिलाकर ही यह संकल्प पूरा होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित