चंडीगढ़ , जुलाई 5 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के राज्य मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने रविवार को कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल पर आरोप लगाया कि तीनों दल मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को घेरने के लिए एकजुट हो गए हैं क्योंकि उनके पास आप सरकार के कामों का कोई जवाब नहीं है।

यहां आयोजित प्रेस वार्ता में श्री पन्नू ने कहा कि कांग्रेस आज पूरी तरह दिशाहीन हो चुकी है और पंजाब के मुद्दों पर लड़ने के बजाय आंतरिक गुटबाजी में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह उसकी राजनीतिक दिवालियापन को उजागर करती है।

श्री पन्नू ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस और भाजपा पूरी तरह समन्वय के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज कांग्रेस के नेता भाजपा के मामलों पर बोल रहे हैं और भाजपा के नेता कांग्रेस की राजनीति पर टिप्पणी कर रहे हैं। इससे साफ है कि दोनों दल मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल मिलकर "टीम ए, बी, सी" बन चुके हैं, जिनका एकमात्र एजेंडा मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाना बनाना है क्योंकि वे आप सरकार के विकास कार्यों का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं।

भाजपा पर निशाना साधते हुए श्री पन्नू ने कहा कि पंजाब भाजपा अब "कांग्रेस का एक विंग" बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी का नेतृत्व अब पूर्व कांग्रेसी नेताओं के हाथों में है, जबकि मूल भाजपा नेतृत्व लगभग गायब हो चुका है और कांग्रेस के कई अन्य नेता भी भाजपा में जाने की तैयारी कर रहे हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात का जिक्र करते हुए श्री पन्नू ने कहा कि चाहे उसकी कोई भी सफाई दी जाए, लेकिन उसकी राजनीतिक अहमियत सभी समझते हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार ने वे काम करके दिखाए हैं जो पिछली सरकारें दशकों तक नहीं कर सकीं। पहली बार पंजाब के अंतिम छोर तक नहरी पानी पहुंचा है। 600 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के कारण लगभग 90 प्रतिशत परिवारों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं। किसानों को दिन के समय निर्बाध बिजली और नहरी पानी मिल रहा है।

श्री पन्नू ने दावा किया कि 34 लाख से अधिक महिलाओं को सरकार द्वारा घोषित वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो गई है, जबकि शेष पात्र महिलाओं को एक अगस्त से यह राशि मिलनी शुरू हो जाएगी।

कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के पास पंजाब के विकास का कोई एजेंडा नहीं है। कभी चरणजीत सिंह चन्नी के दिल्ली दौरे की चर्चा होती है तो कभी भूपेश बघेल के पंजाब आने की। पूरा कांग्रेस संगठन हाईकमान के निर्देशों का इंतजार करता रहता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले आम आदमी पार्टी पर दिल्ली से संचालित होने का आरोप लगाया था, लेकिन आज खुद हर फैसले के लिए दिल्ली हाईकमान की ओर देख रही है।श्री पन्नू ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस अब इस मुद्दे पर आप के खिलाफ इस्तेमाल की गई अपनी अपमानजनक भाषा के लिए माफी मांगेगी?श्रीपन्नू ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल के पास पंजाब के विकास के लिए न कोई विजन है, न रोडमैप और न ही कोई ठोस योजना। उनका एकमात्र एजेंडा श्री मान का विरोध करना रह गया है। उन्होंने कहा कि ये दल कभी नहीं चाहते थे कि पंजाब के लोगों को 600 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों को नहरी पानी, 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और महिलाओं को आर्थिक सहायता मिले। यदि 2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं बनी होती तो ये दल पंजाब को पीछे धकेलते रहते।

श्री पन्नू ने दावा किया कि पंजाब में कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक सौदेबाजी चल रही है और कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इस अवसरवादी राजनीति को देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित