धर्मशाला , जुलाई 21 -- धर्मशाला के जिला परिषद सभागार में हुये चुनाव के दौरान भाजपा की सीमा देवी और अभिमन्यु कंवर को कांगड़ा जिला परिषद का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया।

वार्ड नंबर 8 (कल्याड़ा) से चुनी गयीं सीमा देवी को अध्यक्ष घोषित किया गया, जबकि वार्ड नंबर 53 (शेखूपुरा) से चुने गये अभिमन्यु कंवर को उपाध्यक्ष घोषित किया गया।

कांगड़ा जिला परिषद के 54 सदस्यों में से 39 सदस्यों ने चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन दाखिल किये जाने के कारण दोनों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।

उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और जिला परिषद के सभी सदस्यों को अपनी शुभकामनायें दीं।

शपथ ग्रहण समारोह में कांगड़ा जिला परिषद के नये चुने गये सदस्यों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित