कांगड़ा , जून 06 -- हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा घाटी में शुक्रवार रात 5.0 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किये गये।

रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.0 मापी गयी।

पूरी घाटी में भूकंप के झटके महसूस किये गये। भूकंप का केंद्र धर्मशाला से 18 किलोमीटर दूर चंबा क्षेत्र में 32.274 उत्तरी अक्षांश और 76.423 पूर्वी देशांतर पर जमीन की सतह से पांच किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप से घाटी के किसी भी हिस्से में जानमाल के बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। पालमपुर में एक घर की सीमेंट की पटिया गिर गयी, हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

भूकंप के झटकों से घबराकर लोग घरों से बाहर निकल आये।

अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के बाद जिले के किसी भी हिस्से में जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। कांगड़ा घाटी भूकंपीय क्षेत्र 'वी' में आती है। चार अप्रैल, 1905 को यहां एक विनाशकारी भूकंप आया था, जिसमें कांगड़ा मंदिर नगर के10,527 निवासी मारे गये थे और घाटी भर में करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित