कांकेर , मई 15 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने साढ़े छह लाख के नकली नोट बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आज यह जानकारी मीडिया को दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक पर भारी कर्ज था और वह नशे का आदी बताया जा रहा है। कर्ज से छुटकारा पाने के लिए उसने अपने ही घर में नकली नोट छापने का कारोबार शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के नए बस स्टैंड में एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से भारी मात्रा में नोट नकली पाए गए।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उस पर लाखों रुपये का कर्ज था और नशे की लत के कारण उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। इसी कारण उसने घर में प्रिंटर और अन्य उपकरणों की व्यवस्था कर नकली नोट छापना शुरू किया। आरोपी बस स्टैंड में इन नोटों को खपाने की तैयारी में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने नकली नोट छापने की तकनीक कहां से सीखी और इस गिरोह में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित