कांकेर , जून 02 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर में पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली है। उनका शव मंगलवार सुबह शहर के संजय नगर स्थित गौठान परिसर में फांसी के फंदे पर लटका मिला।

पुलिस के अनुसार नवाज अली हाल ही में जेल से रिहा होकर लौटे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कुछ माह पूर्व कोंडागांव क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में पंचायत सचिव की मृत्यु हो गई थी। आरोप था कि नवाज अली की कार की टक्कर से पंचायत सचिव गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने नवाज अली के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा था।

बताया जा रहा है कि जेल से रिहाई के कुछ समय बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि घटनास्थल से अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित