कांकेर , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ में उत्तर बस्तर के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में माचपल्ली-आरमझोरा जंगल में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक इनामी माओवादी रुपी रेड्डी मारी गयी है। घटनास्थल से हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

रूपी रेड्डी तेलंगाना राज्य की रहवासी थी और उस पर पांच लाख रुपयों का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार बस्तर क्षेत्र के अंतिम सक्रिय तेलुगू माओवादी कैडर के रूप में चिन्हित एसीएम रूपी का शव मुठभेड़ के बाद बरामद किया गया। रूपी पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह परतापुर एरिया कमेटी की सदस्य थी। बताया गया है कि डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी रूपी के मारे जाने से उत्तर बस्तर क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है।

पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक राखेचा ने बताया कि छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के माचपल्ली-आरमझोरा हिदूर जंगल में माओवादियों की मौजूदगी की विशेष सूचना पर 12 अप्रैल को डीआरजी की टीम सर्च ऑपरेशन पर रवाना हुई थी। 13 अप्रैल की सुबह से ही सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही।

मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में एक महिला माओवादी का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान एसीएम रूपी के रूप में की गई। घटनास्थल से 9 एमएम पिस्टल, मैगजीन, 8 जिंदा कारतूस, डेटोनेटर, वॉकी-टॉकी, टिफिन बम, मोबाइल फोन, 17 हजार रुपये नकद, पेनड्राइव, मेमोरी कार्ड और नक्सली साहित्य जब्त किया गया है।

इस अभियान में डीआरजी, बस्तर फाइटर्स, एसटीएफ और बीएसएफ की संयुक्त टीम शामिल रही। मुठभेड़ के बाद आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि अन्य माओवादी कैडरों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पट्टलिंगम ने शेष सक्रिय माओवादी कैडरों से हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार आत्मसमर्पण करने वालों के पुनर्वास और बेहतर जीवन के लिए प्रतिबद्ध है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षा बल क्षेत्र में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं और माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित