कांकेर , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ में कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र स्थित बेलवापानी रेत खदान में कथित अवैध उत्खनन के विरोध में कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी ने ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया और देर रात प्रशासनिक कार्रवाई के बाद धरना समाप्त किया गया। उन्होंने हालांकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में थाना घेराव की चेतावनी दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलवापानी रेत खदान में स्वीकृत क्षेत्र के अतिरिक्त हिस्सों से भी मशीनों के माध्यम से रेत निकाले जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। आरोप है कि खनन कार्य में भारी मशीनों का उपयोग कर नियमों और पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन किया जा रहा है। शिकायतों के मद्देनजर श्रीमती मंडावी शुक्रवार शाम खदान क्षेत्र पहुंचीं और मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने दावा किया कि निरीक्षण के दौरान खदान परिसर में करीब 14 वाहन और एक चेन माउंटेन मशीन मौजूद थी। विधायक ने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ धरना शुरू कर दिया।

विधायक के अनुसार वह शाम करीब सात बजे खदान पहुंची थीं, लेकिन प्रशासनिक अमला देर रात लगभग एक बजे मौके पर पहुंचा। इसके बाद संबंधित मशीन को सील कर कुछ वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की गई।

श्रीमती मंडावी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध उत्खनन जारी है, जिससे भविष्य में रेत की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि खनन कार्य निर्धारित नियमों के तहत होना चाहिए और स्थानीय ट्रैक्टर मालिकों एवं ग्रामीणों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अवैध खनन गतिविधियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर उदासीनता दिखाई गई, जिसके कारण कार्रवाई में अनावश्यक विलंब हुआ। विधायक ने कहा कि यदि अवैध उत्खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीणों के साथ पुलिस थाना का घेराव किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित