कांकेर , सितंबर 23 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़े तेवड़ा गांव में एक ग्रामीण के घर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के बाद प्रार्थना सभा और कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों की भीड़ ने संबंधित घर को घेर लिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति शांत कराई गई, लेकिन एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात है।

बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़े तेवड़ा में एक ग्रामीण के घर मंगलवार रात बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसके बाद गांव में प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने और धर्मांतरण कराए जाने की चर्चा फैल गई। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण संबंधित घर के सामने एकत्र हो गए। इस दौरान ग्रामीणों और घर मालिक के बीच विवाद की स्थिति भी बनी।

मामले की सूचना मिलने पर आमाबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालात को देखते हुए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भी गांव भेजा गया। अंतागढ़ एसडीएम और एडिशनल एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और स्थिति को शांत कराया।

इस बीच घर मालिक ने प्रार्थना सभा अथवा धर्मांतरण किए जाने से इनकार किया। उसका कहना था कि घर में उसकी पुत्री का जन्मदिन मनाया जा रहा था और जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। दूसरी ओर ग्रामीणों ने घर में प्रार्थना सभा आयोजित होने और धर्मांतरण की आशंका जताई।

उल्लेखनीय है कि बड़े तेवड़ा गांव में कुछ महीने पहले भी धर्मांतरण के आरोप को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए थे और जिले में कई दिनों तक तनाव की स्थिति बनी रही थी। इसी दौरान गांव में स्थित एक चर्च में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस और जिला प्रशासन आमाबेड़ा क्षेत्र में धर्मांतरण से जुड़े विवादों को लेकर सतर्कता बरत रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित