कांकेर , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने उसके परिचित युवक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई गई है।

पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग मंगलवार को अपने एक परिचित युवक के साथ घूमने के लिए निकली थी। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में उसे कोरर इलाके में लावारिस हालत में बरामद किया।

पुलिस की पूछताछ और प्रारंभिक जांच में आरोप सामने आया कि परिचित युवक ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित