कांकेर , मई 12 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर स्थित मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में प्लेसमेंट के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मियों ने कंपनी के एच आर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्य बंद कर दिया और थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
कर्मचारियों का आरोप है कि ठेका कंपनी कामधेनु सेक्यूरिटी सर्विस, रायपुर के माध्यम से कार्यरत होने के बावजूद उनके वेतन से मनमाने ढंग से कटौती की जा रही है तथा विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। विरोध के चलते अस्पताल की सफाई व्यवस्था सहित कई सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
पीड़ित महिला कर्मचारी संतोषी यादव ने बताया कि उनका हाल ही में ऑपरेशन हुआ था, जिसकी जानकारी उन्होंने पहले ही विभागीय स्तर पर दे दी थी। अवकाश अवधि के दौरान उन्हें वेतन मिला, लेकिन बाद में एच आर द्वारा दबाव बनाकर उनके वेतन से 4500 रुपये वापस ले लिए गए। उन्होंने इसे जबरन वसूली बताते हुए आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया।
अन्य कर्मचारियों ने भी आरोप लगाया कि एच आर द्वारा खुलेआम कहा गया कि आवश्यकता नहीं है, बाहर से 100 से अधिक नए कर्मचारी लाकर काम कराया जाएगा। इस बयान के बाद कर्मचारियों में आक्रोश और बढ़ गया।
कर्मचारियों का यह भी कहना है कि कई लोग पिछले लगभग 10 वर्षों से अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं, इसके बावजूद कुछ कर्मियों को बिना स्पष्ट कारण के कार्य से हटा दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित