कांकेर , सितंबर 30 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से लगे गढ़चिरौली (महाराष्ट्र) के सीमावर्ती जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डंप का पता लगाकर हथियार, कारतूस, प्रिंटर सहित अन्य नक्सल सामग्री बरामद की है।
बुधवार को पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत 29 सितंबर को जिला बल, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम ग्राम दागुनटोला-पुसगटटा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सघन तलाशी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान जवानों की नजर एक संदिग्ध स्थान पर पड़ी। तलाशी लेने पर वहां जमीन के नीचे नक्सलियों द्वारा छिपाया गया डंप मिला। डंप से एक सिंगल बैरल 12 बोर रायफल, एक डबल बैरल 12 बोर रायफल, 11 कारतूस, दो प्रिंटर और अन्य नक्सल सामग्री बरामद की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित