चंडीगढ़ , मई 27 -- हिमाचल प्रदेश के कसौली स्थित मनोन क्षेत्र के जंगलों में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गयी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज गर्मी, लगातार बढ़ते तापमान और जंगलों में फैली सूखी घास एवं वनस्पति के कारण आग तेजी से फैलती चली गयी। आग की ऊंची-ऊंची लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सूचना मिलते ही वन विभाग, फायर ब्रिगेड और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन पहाड़ी इलाका और तेज हवाएं राहत कार्य में बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय वायुसेना की मदद ली गयी। वायुसेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर सुखना लेक से लगातार पानी भरकर प्रभावित जंगलों में छिड़काव कर रहा है। हेलीकॉप्टर की मदद से दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में आग बुझाने का प्रयास तेज कर दिया गया है।

प्रशासन के अनुसार फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये की वन संपदा जलकर राख हो चुकी है। आग से जंगलों में रहने वाले वन्यजीवों और पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने तक राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित