रुड़की , मार्च 23 -- उत्तराखंड के रुड़की में महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर पांच अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर कश्यप समाज की एक अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जयंती समारोह एवं शोभायात्रा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं भव्य बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में समाज के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भाग लेते हुए समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक उत्थान पर विचार-विमर्श किया। वक्ताओं ने कहा कि महर्षि कश्यप जयंती पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाती है और इस अवसर पर शोभायात्राओं के माध्यम से समाज को एकजुट करने का संदेश दिया जाता है।
संगठन के अध्यक्ष अरविंद कश्यप ने बताया कि रुड़की में हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और इसकी तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करना और जरूरतमंदों की सहायता करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। साथ ही यदि कोई आर्थिक रूप से कमजोर छात्र शिक्षा प्राप्त करना चाहता है तो समाज उसकी हरसंभव मदद करेगा।
संजय कश्यप ने जानकारी दी कि जयंती के अवसर पर परीक्षा में सफल छात्रों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनके उत्साह और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित